#1 मार्गदर्शक: कैसे एक मार्गदर्शक को ढूँढ़ें, और उसके समान कैसे बनें

By ब्यू ह्यूजेस

परिचय: कैसे एक मार्गदर्शक को ढूँढ़ें, और उसके समान कैसे बनें

 

पिछले बीस वर्षों से कॉलेज के छात्रों से भरी एक कलीसिया के पास्टर के रूप में सेवा करने के पश्चात्, मुझ से अधिकाँश एक प्रश्न पूछा जाता रहा है कि, “मैं एक मार्गदर्शक कैसे ढूँढ़ सकता हूँ?” यह प्रश्न सामान्यतः किसी छात्र या हाल ही में पास हुए व्यक्ति के द्वारा पूछा जाता है, जो अपनी उम्र के साथियों से घिरा हुआ होता है, तथा ज्ञान, सलाह को पाने के लिए किसी ऐसे व्यक्ति के साथ सम्बन्ध स्थापित करने के लिए लालसा रखता है जो उससे उम्र में बड़ा हो तथा जीवन के अनुभव में आगे हो। भले ही उन्हें ठीक से पता भी न हो कि इसका क्या अर्थ है, परन्तु वे एक मार्गदर्शक चाहते हैं। कई लोग तो यह भी मानते हैं कि यह मसीही जीवन का एक प्रकार का जन्मसिद्ध अधिकार है।

अनिवार्य रूप से कहना, हमारी मण्डली में युवा महिलाओं एवं पुरुषों की इस इच्छा और मार्गदर्शक की खोज ने दूसरे लोगों के अन्दर इस प्रश्न को उत्पन्न किया कि, “मैं किसी को मार्गदर्शक कैसे बनाऊँ?” हालाँकि उम्र में बड़े होने के कारण या जीवन के किसी दूसरे पड़ाव पर होने के कारण आप स्वयं ही एक उम्मीदवार बन सकते हैं, परन्तु जब कोई आपसे उनका मार्गदर्शन करने के लिए कहता है, तो इसका क्या अभिप्राय होता है? वे वास्तव में क्या पूछ रहे होते हैं? किसी का मार्गदर्शन करने में क्या-क्या सम्मिलित होता है? आप यह कैसे करते हैं?

पिछले कुछ वर्षों में हमने अपनी कलीसिया में सैकड़ों बार इस समस्या को देखा है। लोग मार्गदर्शन पाने के लिए उत्सुक रहते हैं। कुछ दूसरे लोग मार्गदर्शक बनने के लिए उत्सुक रहते हैं। फिर भी दोनों समूहों में से कोई भी यह नहीं जानता कि आरम्भ कहाँ से करना है। मूल बात यह है कि उन्हें मार्गदर्शन की सही समझ ही नहीं होती है। इसलिए इस मार्गदर्शिका का उद्देश्य मार्गदर्शक को ढूँढ़ने और स्वयं एक मार्गदर्शक बनने के अर्थ को स्पष्ट करना है।

मार्गदर्शन क्या है?

सामान्यतः कहा जाए तो, मार्गदर्शन सम्पूर्ण जीवन के लिए ईश्वरीय अगुवाई है।

मसीही होने के नाते, यह हमारा कर्तव्य है कि हम दूसरों को उनके सम्पूर्ण जीवन को यीशु मसीह के अधीन लाने में सहायता करें। इसलिए, मार्गदर्शन में हर प्रकार की अगुवाई सम्मिलित होती है, जहाँ एक व्यक्ति अपने ज्ञान, कौशल और अनुभव को दूसरे व्यक्ति की उन्नति करने में सहायता करने के लिए साझा करता है।

मार्गदर्शक एक ऐसा व्यक्ति होता है जिसका जीवन अनुकरणीय होता है, जो सोच समझ कर ऐसे सम्बन्ध बनाने में निवेश करता है जहाँ दोनों को लाभ होता है। शिष्य सीखने और आगे बढ़ने के लिए उत्सुक रहते हैं, तथा एक योग्य उदाहरण के द्वारा ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहते हैं। इस प्रकार, मसीही मार्गदर्शन एक ऐसा सम्बन्ध होता है जहाँ आयु में बड़ा व्यक्ति जीवन के व्यापक ज्ञान को अपने से छोटे व्यक्ति को देता है। यह सम्बन्ध बहुत ही अधिक विस्तृत होता है और इस में वह भी सम्मिलित होता है जिसे हम शिष्यत्व कहते हैं।

मार्गदर्शन के इस विवरण से आगे, पवित्रशास्त्र मार्गदर्शन का एक शिक्षाप्रद और स्पष्ट उदाहरण देता है जिस पर अब हम विचार करेंगे।

नए नियम में प्रेरित पौलुस और तीमुथियुस के बीच के सम्बन्ध को देखकर मार्गदर्शन का एक उत्तम उदाहरण मिलता है, वास्तव में, पिछले कुछ वर्षों में कई लोगों ने मार्गदर्शन के लिए अपने प्रश्नों और निवेदनों को इसी सम्बन्ध के आस-पास रखा है।

ऑडियो मार्गदर्शिका

ऑडियो ऑडियो
album-art

00:00

#1 मार्गदर्शक: कैसे एक मार्गदर्शक को ढूँढ़ें, और उसके समान कैसे बनें

PDF PDF

विषयसूची

हमारे समाचार पत्र की सदस्यता लें और साप्ताहिक बाइबल और शिष्यत्व सुझाव प्राप्त करें।