#56 बिना किसी दोष के विश्राम: व्यस्त जीवन में सब्त को अपनाना

By टाइलर कैश

परिचय: “व्यस्त” कहे जाने वाले थके हुए युग में बाइबल आधारित विश्राम की पुनः खोज करना।

“व्यस्त” आप कैसे हैं? इस प्रश्न के उत्तर में यह कितनी बार आपका उत्तर रहा है? मुझे पूरा विश्वास है, जितनी बार आप चाहते हैं उससे कहीं अधिक।

सच तो यह है—लगातार काम-काज, डिजिटल भटकावों और कभी समाप्त न होने वाली कार्यों की सूची के इस युग में, सच्चे विश्राम का विचार कुछ अजीब सा यहाँ तक कि गैर-जिम्मेदाराना भी लग सकता है। अभी जब मैं यह लिख रहा हूँ, तो मुझे कल के अधूरे कामों और आने वाले दिन की कई ज़िम्मेदारियाँ स्मरण हैं। अधिकाँश लोगों को लगता है कि हमेशा कुछ-न-कुछ करने के लिए होता है, क्योंकि जिम्मेदार वयस्कों के लिए वास्तव में ऐसा होता भी है। यह वास्तविकता हमें यह विश्वास दिला सकती है कि विश्राम करना समय का दुरुपयोग है, या यहाँ तक कि समय को नष्ट करना है।

परन्तु तब क्या होगा, यदि विश्राम ही वह हो जो हमें वह सब कुछ पूरा करने में सहायता करता है, जिसकी परमेश्वर हमसे अपेक्षा करता है? बुद्धिमान चार्ल्स स्पर्जन ने एक बार कहा था कि, “विश्राम करने का समय नष्ट किया गया समय नहीं है। नई सामर्थ्य जुटाना समझदारी है।” दूसरे शब्दों में, स्पर्जन के अनुसार, विश्राम वह सामर्थ्य प्रदान करता है जो कठिन परिश्रम करने और उत्तम रीति से कार्य करने के लिए आवश्यक है; यह हमें उन वस्तुओं को पाने में सहायता करता है जिन्हें हम पसन्द करते हैं, उन लोगों के समान बनने में सहायता करता है जैसा हम बनना चाहते हैं, साथ ही उन कार्यों को पूरा करने में भी सहायता करता है जिनके लिए परमेश्वर ने हमें बुलाया है।

मैं स्पर्जन से सहमत हूँ और विश्राम के सम्बन्ध में मैंने अपने लिए एक सूत्रवाक्य बनाया है: हम ऐसे कार्य करते हैं जो हमें करने ही हैं, ताकि हम वे कार्य भी कर सकें जिन्हें हम करना चाहते हैं, और यह सब हम आनन्द के साथ करते हैं। मैं विश्राम को “करना ही है” की श्रेणी में रखता हूँ, क्योंकि परमेश्वर हमें बताता है कि हमें विश्राम करना चाहिए। रोचक बात यह है कि विश्राम एक आज्ञा भी है और एक वरदान भी। और यदि ऐसा है, तो हमें इसे आनन्द के साथ ग्रहण करना चाहिए।

परन्तु इससे पहले कि हम आनन्द के साथ भली प्रकार से विश्राम करना सीखें, हमें देखना होगा कि बाइबल विश्राम के विषय में क्या कहती है। यह जानकर आपको आश्चर्य हो सकता है कि बाइबल में विश्राम कोई बाद में सोची गई बात या मनुष्य की दुर्बलता के कारण दी गई छूट नहीं है। वरन् विश्राम मसीही जीवन का एक समृद्ध और आवश्यक अंग है। यह सृष्टि की व्यवस्था में बुना हुआ है और मसीह के छुटकारे के कार्य में पूरा होता है। पवित्रशास्त्र के अनुसार विश्राम एक वरदान भी है और एक आज्ञा भी, एक आत्मिक अनुशासन भी है और हमारी अनन्त आशा का अनुभव भी है।

यदि हमें थकावट भरे इस युग में सच्चा विश्राम फिर से पाना है, तो हमें वहीं से आरम्भ करना होगा जहाँ से परमेश्वर आरम्भ करता है—अर्थात् हमें मानवीय उपायों या सांस्कृतिक समाधानों से नहीं, वरन् उसके वचन से आरम्भ करना होगा। पवित्रशास्त्र इस समझ की नींव रखता है कि विश्राम क्यों महत्त्वपूर्ण है और यह सृष्टि के ताने-बाने में किस प्रकार से बुना हुआ है।

ऑडियो मार्गदर्शिका

ऑडियो ऑडियो
album-art

00:00

#56 बिना किसी दोष के विश्राम: व्यस्त जीवन में सब्त को अपनाना

PDF PDF

विषयसूची

हमारे समाचार पत्र की सदस्यता लें और साप्ताहिक बाइबल और शिष्यत्व सुझाव प्राप्त करें।