#86 सादा जीवन: परमेश्वर के लिए जीवन को अव्यवस्था-मुक्त करना

By Mason Good

परिचय: आपका शोर-से-भरा और अव्यवस्थित जीवन

हाल ही में, एक रविवार की दोपहर कलीसिया से लौटने के बाद, मैंने बैठकर टी.वी. चालू किया, और पाया कि मेरे पास एक ही स्क्रीन पर एक साथ फुटबॉल के आठ मुकाबले देखने का विकल्प था। (जैसा जुरासिक पार्क की अराजकता के सिद्धान्तकार ने कहा था: “आपके वैज्ञानिक इस बात में इतने व्यस्त थे कि वे ऐसा कर सकते हैं या नहीं, जिसके चलते उन्होंने रुककर यह सोचा भी नहीं कि उन्हें ऐसा करना चाहिए या नहीं!”)

मैं केवल जिज्ञासावश उसे देखने लगा और तुरन्त ही उस अनुभव से आश्चर्य में भर गया। यद्यपि अचानक मेरे पास बहुत सारी जानकारी उपलब्ध थी, क्योंकि मैं एक ही समय पर चल रहे आठ मुकाबले देख रहा था, परन्तु मुझे जल्दी ही यह एहसास हो गया कि मैं उनमें से किसी एक पर भी ध्यान केन्द्रित नहीं कर पा रहा हूँ। वहाँ इतना कुछ चल रहा था कि मैं पूरी तरह सुन्न हो गया था और किसी एक विशेष मुकाबले पर ध्यान नहीं लगा पा रहा था। इस दृश्य में दो जिज्ञासु छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो एक दूसरे से आगे निकलकर प्रश्न पूछ रहे थे, और एक नन्हा बच्चा बैटरी से चलने वाले एक खिलौने से खेल रहा था, जो शायद केवल तेज रोशनी चमकाने और जितना हो सके उतना अधिक शोर मचाने के लिए ही बनाया गया था, और एक कुत्ता बाहर जाने के लिए भौंक रहा था… सचमुच, यह कैसा विश्राम का दिन था!

हमारी संस्कृति बहुत तेज गति वाली और शोर-से-भरी है। हम हमेशा और बड़े, और बेहतर तथा और तेज की ओर भागते हैं। परन्तु क्या यह हमेशा सचमुच बेहतर होता है? मुझे नहीं लगता, और अधिकांश लोग यह जानते हैं। आज के समय में, हम काम की थकावट, निराशा और अकेलेपन में भी उसी अनुपात में बढ़ोतरी देख रहे हैं, और साथ ही, हमारा ध्यान केन्द्रित करने का समय भी घटता चला जा रहा है, हमारी मित्रता भी सतही होती चली जा रही है, और हममें यह भावना भी बढ़ती चली जा रही है कि हम इन सब बातों को एक साथ सम्भाल नहीं सकते।

सादा जीवन हमें इस निरन्तर शोर-शराबे और भटकाव से बचने का एक रास्ता दिखाता है। जब हम थोड़ा पीछे हटकर यह सोचते हैं कि हम उन सचमुच महत्वपूर्ण बातों पर कैसे ध्यान दें, तो हम यह देखने लगते हैं कि सादा जीवन जीने का अर्थ इसके निमित्त कम काम करना नहीं है, परन्तु इसका अर्थ यह पहचानना है कि कौन सी बात अधिक मायने रखती है और फिर उसी पर अपना पूरा ध्यान केन्द्रित करना है।

जीवन की उन सभी बातों के बारे में सोचें, जो आपके समय, प्रयास और ऊर्जा को पाने के लिए होड़ मचा रही हैं। ध्यान दें कि आपका कैलेंडर कितनी तेजी से भर जाता है। और कितनी बार ऐसा होता है कि आप सुबह इस सोच के साथ जागते हैं कि इस दिन में आपको कौन-कौन से काम करने हैं, और फिर भी जब रात को आप सोने जाते हैं, तो आप पाते हैं कि आपने उनमें से केवल कुछ ही काम पूरे किए हैं? हाल ही में, किसी ने मुझसे पूछा कि वे मेरे लिए कैसे प्रार्थना कर सकते हैं, और मेरी पहली प्रतिक्रिया यह उत्तर थी कि “प्रार्थना करें कि एक दिन में 28 घण्टे हों!” हमारी सहज प्रतिक्रियाएँ अक्सर हमारे हृदय की बात बता देती हैं, है न?

हर दिन आप कुछ बातों के लिए “हाँ” और “न” कहेंगे और ये बातें अति महत्वपूर्ण से लेकर कम महत्वपूर्ण तक हो सकती हैं, और अच्छी एवं धर्मी बातों से लेकर शायद पापपूर्ण परीक्षाओं तक भी हो सकती हैं। हमारा जीवन जल्दी ही बहुत सी बातों से भर जाता है। जैसे पानी बहकर जिस भी बर्तन में जाता है, उसी का आकार ले लेता है, वैसे ही हमारा समय, ऊर्जा और प्रयास जल्दी ही कई तरह की माँगों में बँट जाते हैं, और ये सभी हमारा ध्यान खींचने की होड़ में लगे रहते हैं। जैसे तहखाने में रखी वह भूली जा चुकी अलमारी, जिसमें धीरे-धीरे परन्तु निश्चित रूप से हर तरह की वस्तुएँ, बक्से और फालतू का सामान जमा हो जाता है… वैसे ही हमारा जीवन भी मुलाकातों, अभ्यासों, निजी अनुशासनों, दावतों, शौकों और जीवन में अचानक से आने वाली बातों से भर जाता है। हम अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं कि उन अच्छी वस्तुओं के लिए जगह बना सकें, जिनकी हमें चाहत और आवश्यकता है। इसी रीति से, सादा जीवन अपनाने से हमें उन बातों के लिए जगह बनाने का अवसर मिलता है, जो सचमुच मायने रखती हैं। सादा जीवन जीना केवल भौतिक बातों को अव्यवस्था-मुक्त करना ही नहीं है, बल्कि यह मानसिक रूप से उन भटकावों को भी दूर करना है, जो हमें सबसे महत्वपूर्ण बातों पर ध्यान केन्द्रित करने से रोकते हैं।

इस मामले में बाइबल हमारे लिए बहुत शिक्षाप्रद है। परमेश्वर का वचन हमें दिखाता है कि अपने लक्ष्य के रूप में यीशु की आज्ञा का सादगी से पालन करना, हमें यह निर्णय लेने में सहायता करता है कि कौन सी बात हमारे समय, हमारी प्रतिभा और हमारे धन के योग्य है। और यह हमें दिखाता है कि परमेश्वर के अनुग्रह के प्रति अपनी प्रतिक्रिया के रूप में हम कैसे कड़ी मेहनत कर सकते हैं, और साथ ही मसीह में मिलने वाले सब्त के अनन्त विश्राम की अपेक्षा करते हुए अपने कामों से विश्राम भी ले सकते हैं।

इस जीवन कौशल मार्गदर्शिका का लक्ष्य आपको कुछ व्यावहारिक सुझाव देना है, जिससे कि आप ऐसे दैनिक प्रश्नों से निपट सकें कि आप किन कामों को करते हुए अपना जीवन बिताएँगे। यह आपको अपनी प्राथमिकताओं को सीमित करने और अपने जीवन को सरल बनाने में सहायता करेगी, जिससे कि आप अपने उद्धारकर्ता की बेहतर सेवा, आराधना और अनुसरण कर सकें। कम से कम साधानों के साथ जीवन जीने का अर्थ केवल भौतिक बातों से छुटकारा पाने से कहीं बढ़कर है; इसका अर्थ उस आत्मिक सादगी पर ध्यान केन्द्रित करना है, जो तब आती है, जब हम परमेश्वर के राज्य को सबसे पहले रखते हैं। एक सादी जीवनशैली अपनाकर, हम परमेश्वर का आदर करनेवाला जीवन जी सकते हैं, जो इस संसार के भटकावों के बजाय, उसकी इच्छा पर केन्द्रित हो।

असल में, सादा जीवन जीने की यह बुलाहट किसी सांस्कृतिक प्रतिक्रिया, या फिर अपनी व्यक्तिगत् प्रसन्नता बढ़ाने के किसी माध्यम के बारे में नहीं है। यह जीवन के बारे में सलाह नहीं है कि आप एक व्यवस्थित जीवन जीकर अपने लक्ष्यों को बेहतर ढंग से हासिल कर सकें। यह तो उद्धारकर्ता के रूप में मसीह के पीछे हो लेने के बारे में है। वह हमें अपने पास बुलाता है और फिर अपनी सेवा में शामिल कर लेता है। वह हमारा पूरा स्नेह और भक्ति चाहता है।

वास्तव में कौन सी बात मायने रखती है? सच में कौन सी बात महत्वपूर्ण है? इन प्रश्नों पर स्पष्टता पाने से हम अपने मन की उलझनों को दूर कर पाते हैं और अपना ध्यान स्वर्गीय वस्तुओं की खोज में लगाते हैं। एक अधिक सादा जीवन जीने का अर्थ अपने ध्यान को परमेश्वर की इच्छा के साथ जोड़ना है, जिससे कि हम एक उद्देश्य, स्पष्टता और शान्ति के साथ जीवन जी सकें। जब आप इन प्रश्नों पर विचार करेंगे और किसी मित्र के साथ मिलकर इस सामग्री पर काम करेंगे, तो यह मार्गदर्शिका आपको अपने जीवन पर ध्यान केन्द्रित करने में सहायता करेगी।

चिन्तन के लिए प्रश्न:

  1. इस समय पर आपके जीवन में “शोर मचाने वाली” कौन सी बात है? किस बात में आपका बहुत अधिक समय, प्रयास और मानसिक बोझ लगता है? जब आप रात को सोने जाते हैं, तो आप किस बारे में सोचते हैं?
  2. इस समय पर आपके जीवन में कौन सी बात “अव्यवस्थित” है? कौन से रिश्ते, जिम्मेदारियाँ या परेशानियाँ आपके रास्ते में रुकावट डालती हैं या जिनकी आपके जीवन में कोई विशेष “जगह” नहीं है?

ऑडियो मार्गदर्शिका

ऑडियो ऑडियो
album-art

00:00

#86 सादा जीवन: परमेश्वर के लिए जीवन को अव्यवस्था-मुक्त करना

हमारे समाचार पत्र की सदस्यता लें और साप्ताहिक बाइबल और शिष्यत्व सुझाव प्राप्त करें।